मेरठ : जमुना नगर में नकली रेगुलेटर फैक्ट्री का भंडाफोड़

मेरठ। जमुना नगर में शुक्रवार को रेगुलेटर फैक्ट्री पर छापे का जबरदस्त विरोध हुआ। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। एक बार को स्थिति बिगड़ते-बिगड़ते बची। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों में वार्ता कराई। घंटों चले हंगामे के बीच अफसरों ने फैक्ट्री से तीन सिलेंडर और दस रेगुलेटर जांच के लिए कब्जे में ले लिए।

फैक्ट्री में नकली रेगुलेटर बनाने की सूचना पर एसपी सिटी डॉक्टर बीपी अशोक और एसपी देहात एसके सिंह की टीम ने शुक्रवार सुबह छापामारी की। एसपी सिटी के मांगने पर फैक्ट्री मालिक हाजी अरशद ने उन्हें जिला उद्योग केंद्र से मिला लाइसेंस और अन्य कागजात दिखाए, लेकिन रेगुलेटरों के असली या नकली होने को लेकर फैक्ट्री मालिक और अफसरों में नोकझोंक हो गई। आसपास के व्यापारी और लोग भी जमा हो गए। इस पर एसपी सिटी ने फोर्स तलब कर ली। कई सीओ और एसओ पहुंच फोर्स लेकर पहुंच गए।

माहौल बेहद तल्ख हो गया। तभी संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अरुण वशिष्ठ वहां पहुंचे और दोनों पक्षों से शांति से काम लेते हुए वार्ता की। व्यापारियों ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। व्यापार संघ से जुड़े नेता जावेद की एसपी सिटी से गर्मागर्मी हो गई। काफी हंगामे के बाद पुलिस ने फैक्ट्री से तीन घरेलू सिलेंडर और दस रेगुलेटर जांच के लिए कब्जे में ले लिए। एसपी देहात का कहना है कि संबंधित विभागों से जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।

पुलिस पड़ गई अकेली : पुलिस ने फैक्ट्री में गलाई और मशील संचालन पर घरेलू रसोई गैस का प्रयोग होना पाया। गैस प्रयोग के मानक की जांच के लिए अफसरों ने आपूर्ति विभाग और फैक्ट्री के लाइसेंस की जांच के लिए जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों को बुलाने के लिए कई मर्तबा फोन किए परंतु कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। तीन घंटे बाद एसडीएम ही पहुुंचे।

पैकिंग पर नहीं कोई पता : फैक्ट्री में पवन और निशा, जेड इंडस्ट्रीज के नाम की गत्ता पैकिंग में रेगुलेटर पैक किए जाते हैं। मौके पर भारी सामान पैकिंग का था। पैकिंग पर पते के स्थान पर इंडिया लिखा था। इस पर अफसरों ने जवाब मांगा तो बात टाटा और मारुति तक पहुंच गई।

Posted by राजबीर सिंह at 11:25 pm.

ब्रेकिंग न्यूज़

 

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh