अमेरिका ने दावा किया, बिन लादेन मारा गया!

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने घोषणा की है कि दुनिया का सर्वाधिक वांछित आतंकवादी और अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में मारा जा चुका है। ओबामा ने इसे एक अति महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। 11 सितम्बर, 2001 को न्यूयार्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और पेंटागन की इमारत पर हमले के बाद से ही लादेन अमेरिका के सर्वाधिक वांछित व्यक्तियों की सूची में शीर्ष पर था। वह रविवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के 150 किलोमीटर उत्तर में अबूताबाद में एक मुठभेड़ में मारा गया। ओबामा ने कहा कि लादेन अमेरिकी खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक जमीनी अभियान में मारा गया, और अमेरिकी बलों ने उसके शव को अपने कब्जे में ले लिया है। ओबामा टेलीविजन पर बयान देते ही लोग वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के बाहर जमा हो गए और "अमेरिका, अमेरिका" के नारे लगाने लगे। 9/11 के हमले के मुख्य साजिशकर्ता लादेन ने हमले के बाद कहा था कि हमले का परिणाम उसकी उम्मीदों से अधिक रहा। वह एक दशक से अमेरिकी और उसके सहयोगी बलों की आंखों में धूल झोंक कर बचता रहा है, जबकि उसके सिर पर 2.50 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित था। वाशिंगटन के एक रणनीतिक थिंक टैंक, स्ट्रैटफॉर ने कहा है कि लादेन अलकायदा का प्रतीक बन गया था, यद्यपि जिस तरह से उसने संगठन को संचालित किया वह संदिग्ध है।

स्ट्रेटफॉर ने कहा है, "उसकी मौत का प्रतीकात्मक महत्व स्पष्ट है। अमेरिका इसे एक बड़ी जीत बता सकता है। अलकायदा उसे शहीद घोषित कर सकता है।"

लादेन कई घातक एवं बड़े हमलों में शामिल रहा है। ये हमले 1990 के दशक में हुए थे और वे अपने मकसद में सफल रहे थे।

समाचार चैनल सीएनएन ने कहा है कि लादेन वर्षो तक गिरफ्तारी से बचता रहा। एक बार वह अफगानिस्तान में एक प्रशिक्षण शिविर पर अमेरिकी क्रूज मिसाइल के हमले के चंद घंटे पूर्व वहां से भाग गया था।

सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि 11 सितम्बर को सबूत ने तत्काल लादेन की ओर इशारा किया था। चंद दिनों के भीतर जांच से जुड़े लोगों ने कहा था कि उनके पास इससे सम्बंधित सबूत हैं।

हमले के छह दिन बाद तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने स्पष्ट किया कि लादेन नम्बर-1 संदिग्ध है। बुश ने कहा था, "मैं न्याय चाहता हूं।"

लादेन सऊदी अरब में 1957 में पैदा हुआ था। वह अपने परिवार के 52 बच्चों में से 17वां बच्चा था। उसका परिवार काफी सम्पन्न था और निर्माण के कारोबार से जुड़ा हुआ था। लादेन के पिता मोहम्मद बिन लादेन यमन के मूल निवासी थे, जो बचपन में ही सऊदी अरब पहुंच गए थे। उन्होंने अपनी कम्पनी को सऊदी की सबसे बड़ी निर्माण कम्पनी के रूप में विकसित किया और परिणामस्वरूप वे अरबपति बन गए थे।

इससे पहले -

अमेरिका में 11सितम्बर 2011 के आतंकवादी हमलों के बाद करीब 10 बरसों की तलाश के बाद विश्व का सर्वाधिक वांछित आतंकवादी और अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन अलकायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में मारा गया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने स्वयं बिन लादेन के मारे जाने की पुष्टि करते हुए पूर्व राष्ट्रपति जार्ज बुश के कार्यकाल के दौरान लादेन को ढूंढ निकालने के लिए शुरू किए गए तलाशी अभियान की समाप्ति की घोषणा की। लादेन रविवार रात पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर हिस्से में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया।

समाचार चैनल सीएनएन ने अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी है कि लादेन का शव अमेरिकी सेना के पास है।

इससे पहले -

अमेरिकी मीडिया ने दावा किया है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन अलकायदा के मुख्य सरगना ओसामा बिन लादेन की मौत हो गई है।

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अमेरिका का 9/11 का मुख्य आरोपी ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में मारा गया है। ओबामा ने कहा कि हजारों निर्दोष लोगों, बच्चों और औरतों को मारनेवाला ओसामा बिन लादेन सीआईए ऑप्रेशन में मारा गया।

गौरतलब है कि 11 सितम्बर, 2001 को विश्व व्यापार केंद्र और पेंटागन पर हुए आतंकवादी हमले के लगभग 10 साल बाद लादेन मारा गया है। इस आतंकवादी हमले में सैकड़ों लोग मारे गए थे और घायल हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लादेन पिछले सप्ताह एक ड्रोन हमले में मारा गया था।

खबर है कि लादेन पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पास एबताबाद में बीती रात एक बजे से डेढ़ बजे की बीच सीआईए हमले में मार गिराया गया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा ने कहा कि ओसामा पाकिस्तान में छुपा हुआ था, इसकी हमारे पास पुख्ता जानकारी थी। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस्लाम के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ रहा है। यह आतंक के खिलाफ लड़ाई है। हमने पहले ही कहा था कि अगर हमें जानकारी मिलती है कि ओसामा पाकिस्तान में है, तो हम पाकिस्तान में ऑप्रेशन करेंगे और ओसामा को मार गिराएंगे। इस संबंध में उन्होंने पाक राष्ट्रपति जरदारी से ऑप्रेशन के बाद बात भी की।

ओबामा ने कहा कि यह उपलब्धि अमेरिका की शक्ति का परिचायक है। इस ऑप्रेशन में किसी अमेरिकी या आम नागरिक को कोई नुकसान नहीं हुआ है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के ऑप्रेशन में पाकिस्तान ने भी सहयोग किया।

वहीं, जियो टीवी के मुताबिक इस्लामाबाद के पास बिलाल टाउन में रविवार की रात सीआईए ऑप्रेशन में ओसामा बिन लादेन मारा गया। इस ऑप्रेशन में अमेरिकी दो अपाची अमेरिकन हेलीकॉप्टर शरीक थे। ये हेलीकॉप्टर तरबेला से आए थे। एक हेलीकॉप्टर फायर फाइट में मार गिराया गया था, लेकिन दूसरा हेलीकॉप्टर आजाद कश्मीर की तरफ निकलकर चला गया और रात 1.15 और 1.30 के बीच ऑप्रेशन को अंजाम दिया।

सीएनएन सूत्रों के मुताबिक ओसामा बिन लादेन इस्लामाबाद के पास एक घर में मारा गया।

सूत्रों के मुताबिक उस वक्त उनके पास उनके परिवार के कुछ लोग थे। इस खबर के बाद अमेरिका में लोग सड़कों पर उतर आए हैं और जश्न मना रहे हैं।

जोश १८ से साभार

Posted by राजबीर सिंह at 1:43 am.

ब्रेकिंग न्यूज़

 

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh