बॉलीवुड में विदेशी अभिनेत्रियों पर लगेगी रोक!

मुंबई। यदि बॉलीवुड के बड़े निर्माता-निर्देशकों की बात मानी जाए, तो आने वाले दिनों में विदेशी अभिनेत्रियों और सहायक कलाकारों पर रोक लगाई जा सकती है। बॉलीवुड के एक्स्ट्रा पहले ही यह मांग कर रहे थे क्योंकि विदेशियों के कारण उनके हाथ से काम जा रहा था। अब निर्माता-निर्देशक भी कह रहे हैं। यह अलग बात है कि इसके पीछे कारण कुछ और हैं।

हाल में ही इजरायली मूल की रीना गेलन ने बॉलीवुड के कुछ दिग्गजों पर कास्टिंग काउच (फिल्मों में काम देने के नाम पर यौन शोषण) के प्रस्ताव के आरोप लगाए थे। इसमें सुभाष घई और अनीस बज्मी जैसे निर्देशक शामिल थे।

गेलन के आरोपों से नाराज बज्मी जल्दी ही उस पर मानहानि का दावा करने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा है कि मैंने अपने वकील से बात की है। गेलन ने अपनी किताब डियर मिस्टर बॉलीवुड में ये आरोप लगाए हैं। बज्मी के अनुसार, गेलन ने मेरी प्रतिष्ठा पर चोट पहुंचाने की कोशिश की है। आगे से कोई लड़की मुझ पर विश्वास नहीं करेगी। उनके मुताबिक फिल्म निर्माताओं-निर्देशकों पर ऐसे आरोप आम हो रहे हैं। इनके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाना चाहिए। बज्मी और सुभाष घई आइटम नंबरों में नर्तकियों के तौर पर विदेशी लड़कियों पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में हैं।

फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के सदस्य मुकेश भट्ट के अनुसार, कुछ निर्माता अनावश्यक रूप से गोरी लड़कियों का इस्तेमाल नृत्यों में करते हैं, जिसकी इजाजत नहीं दी जा सकती। विदेशी लड़कियों ने स्थानीय लड़कियों के काम पर कब्जा कर रखा है। ऐसी लड़कियां फिल्म में रोल पाने और सफल होने के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं। इन पर सख्ती के लिए कुछ फेडरेशन द्वारा कुछ नियम बनाए जा रहे हैं।

Posted by राजबीर सिंह at 4:25 am.

ब्रेकिंग न्यूज़

 

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh