राजकुमार विलियम की हुईं केट मिडिलटन!
दुनिया, देश-विदेश, मनोरंजन 9:49 am
लंदन।ब्रिटेन के शाही खानदान के वारिस राजकुमार विलियम शुक्रवार को यहां वेस्टमिंस्टर ऐबी में आयोजित एक भव्य समारोह में अपनी प्रेमिका केट मिडिलटन के साथ आठ साल के प्रेम सम्बंध के बाद विवाह बंधन में बंध गए। इस नजारे को करीब दो अरब लोगों ने टीवी पर देखा।राजकुमार विलियम आयरिश गार्ड्स के कर्नल की सुर्ख रंग की पोशाक में थे, जबकि केट ने सफेद रंग का गाउन और दादी सास महारानी एलिजाबेथ से मांगा हुआ ताज पहन रखा था। वे अपने पिता के साथ समारोह स्थल पर पहुंचीं।
उन्हें कैंटनबरी के आर्कबिशप रोवन विलियम्स ने शादी की शपथ दिलाई और पति-पत्नी घोषित किया। इससे पहले दोनों ने कसमें खाईं, लेकिन परम्परा को तोड़ते हुए केट ने विलियम की 'आज्ञा मानने' का वचन नहीं दिया। उन्होंने विलियम को 'प्रेम, सुख तथा सम्मान देने और उनके साथ रहने' की कसम खाई।
विवाह के बाद महारानी एलिजाबेथ ने राजकुमार विलियम को 'ड्यूक ऑफ कैम्ब्रिज तथा केट को डचेस ऑफ कैब्रिज' की उपाधि दी।
विवाह समारोह में 50 राष्ट्राध्यक्षों के सहित 1900 मेहमानों ने शिरकत की। इनमें 1,000 से अधिक विलियम और केट के पारिवारिक सदस्य तथा दोस्त थे। 50 से अधिक सदस्य शाही परिवार से थे। 40 से अधिक मेहमान विदेशी शाही परिवार से थे। मशहूर अतिथितियों में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन, फुटबॉल खिलाड़ी डेविड बेकहम, गायक एल्टन जॉन शामिल रहे।
शादी की रस्म सम्पन्न होने के बाद नवदम्पति 100 साल पुरानी घोड़-गाड़ी में सवार होकर वेस्टमिंस्टर एबे से बकिंघम पैलेस चले गए। चार घोड़ों वाली इस शाही बग्गी को 1902 में सम्राट एडवार्ड सप्तम के लिए बनाया गया था। इसमें दो घुड़सवार और दो वर्दीधारी सेवक भी होते हैं।
इस बग्गी का इस्तेमाल 1981 में विलियम के अभिभावकों-चार्ल्स तथा लेडी डायना ने भी अपनी शादी के वक्त किया था। विलियम के छोटे भाई प्रिंस हैरी और केट की छोटी बहन पिप्पा मिडिलटन बेस्टमेन तथा दुल्हन की सहेली के रूप में उनके पीछे एक अन्य बग्गी से गए। वेस्टमिंस्टर एबे से बकिंघम पैलेस की उनकी यात्रा में करीब 15 मिनट का समय लगा।
इस बीच सड़कों पर इस शाही जोड़े की झलक पाने को लोग बेकरार दिखे। शाही जोड़े को देखने की ललक लिए कई लोग गुरुवार रात को ही वहां आ गए थे।
नवदम्पति ने बकिंघम पैलेस पहुंचने पर नवदम्पत्ति ने हजारों लोगों के सामने एक-दूसरे को दो बार चूमा।
शादी के बाद ब्रिटेन में जश्न का माहौल दिखा। पूरे देश में 5000 से ज्यादा पार्टियों का आयोजन किया गया। एक पार्टी की मेजबानी प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट में की। शुक्रवार को शाही शादी के अवसर पर पूरे ब्रिटेन में विशेष छुट्टी रखी गई थी।
विवाह के बाद बकिंघम पैलेस में स्वयं महारानी की मेजबानी में दोपहर के भोजन पर करीब 650 लोगों को आमंत्रित किया गया। प्रिंस ऑफ वेल्स की मेजबानी में करीब 300 लोग रात्रि भोजन पर आमंत्रित किए गए।
इससे पहले -
ब्रिटेन के शाही खानदान के वारिस राजकुमार विलियम शुक्रवार को यहां केट मिडिलटन के साथ विवाह के अटूट बंधन में बंध गए।
सफेद रंग के गाउन में सजी केट और आयरिश गार्ड्स के कर्नल की सुर्ख रंग की पोशाक पहने विलियम ने वेस्टमिंस्टर एबे में शादी की कस्में खाईं। हालांकि केट ने विलियम का कहना मानने का वचन नहीं दिया। केंटरबरी के आर्कबिशप रिवरेंड रोवन विलियम्स ने उन्हें पति-पत्नी घोषित किया।
वेल्स के राजकुमार विलियम ने आज कैथरीन यानी केट मिडलटन की उंगली अंगूठी पहनाकर उन्हें अपनी जीवन-संगीनी बना लिया और प्यार, आराम, सम्मान के साथ रहने का वादा किया।
पिछले तीस बरसों में लंदन में यह सबसे बड़ा विवाह-समारोह है।
मिडलटन जालीदार आस्तीनों से सजी सफेद रंग की रेशमी पोशाक में जब राजकुमार से मिलीं तो राजकुमार ने उनसे कहा कि आप बहुत खूबसूरत नजर आ रही हैं।
मिडलटन अपने पिता माइकल के साथ एबे में आई थीं।
विदेशों से आए खास मेहमानों सहित करीब 1900 लोग इस शाही शादी के गवाह बने, जबकि दुनिया भर के लाखों लोगों ने यह नजारा टेलीविजन पर देखा। हजारों लोग वेस्टमिंस्टर एबे के बाहर सड़क के दोनों ओर इस शाही जोड़े की झलक पाने को बेकरार दिखे।
जब शाही जोड़ा एक खुली बग्घी में सवार होकर निकला तो जनता ने हर्षोल्लास के साथ उनका स्वागत किया।
शाही जोड़ा इस बग्घी में बैठकर बकिंघम पैलेस की ओर रवाना हो गया।
जोश १८ से साभार





